home page

मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

 | 
मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, पैर में गोली लगी


फिरोजाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जिले में थाना खैरगढ़ पुलिस टीम ने गुरुवार को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि 18 मार्च को थाना खैरगढ़ पर एक पीड़ित पिता ने शिकायत दी कि उसकी नाबालिग पुत्री अपने परिजनों के साथ कंस मेला देखने कस्बा हाथवंत गयी थी। मेले में भीड़ अत्यधिक होने के कारण उसकी पुत्री परिजनों से बिछड़ गयी। इसी दौरान अभियुक्त नगला कल्याण निवासी सत्यवीर उसकी पुत्री को मिला और घर छोड़ने की बोलकर अपनी मोटर साइकिल पर बैठा लिया। उसने रास्ते में डरा धमकाकर उसके साथ गलत काम किया। परिजनाें की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी।

थाना खैरगढ़ प्रभारी प्रेम सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सत्यवीर कहीं भागने की फिराक में सांखिनी चौराहा के पास माैजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जबावी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया। उसके पास से पुलिस काे एक तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

सीओ ने बताया कि घायल अभियुक्त को उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़