यूपी के फिराेजाबाद में मुठभेड़ में हत्यारोपित गिरफ्तार, गोली लगने से घायल
फिरोजाबाद, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिराेजाबाद में थाना अरांव पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ में रूप सिंह की हत्या कारित करने वाले अभियुक्त राजीव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि थानाध्यक्ष अराँव योगेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मंगलवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त राजीव पुत्र ब्रजराज सिंह निवासी ग्राम चन्द्रपुरा, थाना अराँव, जनपद फिरोजाबाद नगला चैन की तरफ से आने वाला है। सूचना पर थाना अराँव पुलिस टीम ने नगला चैन रोड पर चेकिंग शुरू की। तभी अभियुक्त राजीव आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा रोकने पर उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त राजीव के पैर में गोली लग गई। वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में सरकारी अस्पताल भिजवाया है। अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस 315 बोर एवं 02 जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए हैं।
सीओ ने बताया कि सचिन पुत्र धनपाल निवासी ग्राम चन्द्रपुरा थाना अरांव ने थाना अरांव पर मुकदमा दर्ज कराया था कि राजीव पुत्र ब्रजराज ने अपने साथियों के साथ उसके चाचा रूप सिंह व वीरू पर जान से मारने की नीयत से प्रहार किया था। इस कारण उसके चाचा रूप सिंह व वीरू को गम्भीर चोटें आई थीं। थाना अरांव पुलिस टीम द्वारा तत्काल घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया था। उपचार के दौरान रुप सिंह की मृत्यु हो गयी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

