home page

अम्बेडकर नगर : बिट्टू इंदौरी गैंग का सक्रिय सदस्य वाहिद मुठभेड़ में ढेर

 | 
अम्बेडकर नगर : बिट्टू इंदौरी गैंग का सक्रिय सदस्य वाहिद मुठभेड़ में ढेर


अम्बेडकर नगर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में अकबरपुर थानाक्षेत्र में मंगलवार की देर रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि कोतवाल और सिपाही को गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनकाउंटर में मारा गया बदमाश सुपारी किलर और उत्तर प्रदेश में हथियारों की सप्लाई करता था। वह बिट्टू इंदौरी गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बुधवार को बताया कि थाना कोतवाली अकबरपुर पुलिस द्वारा क्षेत्रान्तर्गत शिवबाबा बैरियर पर संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान वह स्वंय एसओजी टीम के साथ जांच को पहुंची थी। इसी दौरान एक मोटर साइकिल पर सवार दो बदमाश बैरियर से निकलने की कोशिश की। थाना प्रभारी के रोकने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग की। गोली से थाना प्रभारी घायल हो गये। बदमाशों के भागने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की तो बदमाशों ने गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया तो दूसरा बदमाश भाग निकला। घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गये बदमाश की पहचान गाजीपुर जिले के बहरियाबाद निवासी वाहिद अंसारी के रुप में हुई है। पुलिस रिकार्ड में उसके खिलाफ लूट, हत्या, डकैती, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कुल 35 मुकदमे दर्ज हैं। वह गोरखपुर के कैंट थाने से वांछित चल रहा था और कुख्यात बिट्टू इंदौरी गैंग का सक्रिय सदस्य था। पूर्वांचल में लंबे समय से हथियारों की तस्करी और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसे अपराधों में लिप्त था। बदमाश की गोली से घायल थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह और आरक्षी सोनू यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही फरार बदमाश के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक