फिरोजाबाद : मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, पीपी ज्वैलर्स से लूटी थी सोने की चैन
फिरोजाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद की थाना सिरसागंज पुलिस टीम व एसओजी टीम ने शुक्रवार देर रात्रि में पीपी ज्वैलर्स की दुकान से सोने की चेन लूट की घटना में वांछित 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि 13 अगस्त को रोजाना की भांति सुजल जैन पुत्र प्रवीन कुमार जैन निवासी इटावा रोड, बैंक ऑफ इंडिया के पास थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद अपने छोटे भाई उज्जवल जैन के साथ अपनी दुकान पीपी ज्वैलर्स इटावा रोड कस्बा व थाना सिरसागंज पर बैठे हुए थे। दोपहर के समय दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर बिना नम्बर प्लेट सफेद कलर की टाटा नेक्सोन से आये। जिसमें एक अभियुक्त गाड़ी में बैठकर आसपास निगरानी करता रहा तथा एक अभियुक्त दुकान में ग्राहक बनकर आया। जिसने सोने की चैन खरीदने की बात कही। दुकानदार द्वारा सोने की चैन दिखाने पर वह दो चैन पहनकर अपने घरवालों को काल करने की बात कहकर उन्हें दिखाने लगा। जब दुकानदार ने चैन वापस मांगी तो वह कार में साथी के साथ बैठकर भाग गया।
पीड़ित सुजल जैन ने अपनी मोटरसाईकिल से पीछा किया तो दोनों अभियुक्त तंमचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों पर कार्य करते हुए सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर घटना में प्रयुक्त गाडी की पहचान की गयी। पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम एक अभियुक्त ईशू पुत्र वीरभान निवासी ग्राम वेदपुरा प्रेमनाथ बाबा मन्दिर के पास जाटव बस्ती गली नम्बर 34 थाना वेदपुरा जिला इटावा को घटना में लूटी गयी एक सोने की चैन वजनी 10 ग्राम व 01 अवैध तमंचा 315 बोर व 02 अदद कारतूस 315 बोर के साथ दिहुली रोड पर नवनिर्मित कोल्ड स्टोर के पास कठफोरी थाना सिरसागंज से गिरफ्तार कार्यवाही की गई। जबकि एक अभियुक्त अभिषेक पुत्र नरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम नरहोली थाना सैफई जनपद इटावा फरार था। फरार अभियुक्त अभिषेक की गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी सिरसागंज अनिल कुमार सिंह ने अभियुक्त ईशू से मिली जानकारी के आधार पर जब देर रात्रि उखरेंड कट व भदान रोड़ पर चैकिंग की तो एक संदिग्ध कार दिखाई दी। रोकने पर उसमें सवार अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्यवाही में संदिग्ध व्यक्ति के पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान 15 हजार रुपए के इनामिया अभियुक्त अभिषेक पुत्र नरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम नरहोली थाना सैफई जनपद इटावा के रूप में हुई है। अभियुक्त अभिषेक के कब्जे से 01 अवैध तमंचा, 02 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त 01 टाटा नेक्सॉन कार, ज्वैलर्स से लूटी गयी सोने की चेन वजनी 11 ग्राम बरामद हुए हैं। एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

