महाराष्ट्र से चोरी का 01.63 करोड़ मूल्य का एल्यूमिनियम बरामद, दो गिरफ्तार
सोनभद्र, 27 नवंबर (हि.स.)। पिपरी थाना पुलिस टीम ने 15 दिन पूर्व रेणुकूट हिण्डाल्को से एक ट्रक पर 34.850 टन एल्यूमिनियम लादकर बैंगलोर के लिए निकला और रास्ते से लापता होने के मामले में महाराष्ट्र से दो लोगों को गिरफ्तार कर ट्रक सहित पुरा माल बरामद किया है। बरामद एल्यूमिनियम की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 63 लाख रुपये है। पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र ले आयी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया की 15 दिन पहले हिण्डाल्को प्लांट से एक ट्रक पर 34.850 टन एल्यूमिनियम लादकर बैंगलोर के लिए निकला और रास्ते से लापता हो गया। ट्रांसपोर्ट के लोग चालक को फोन करते रहे, लेकिन बात नहीं हो पाई। फिर ट्रांसपोर्ट के लोग ने पिपरी थाना पर तहरीर देकर एल्यूमिनियम चोरी का मामला दर्ज कराया। पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू किया।
जांच पड़ताल के बाद पुलिस टीम अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र गयी। 24 नवंबर को पुलिस टीम ने सचिन अशोक शेलके एवं नवनाथ अशोक शेलके दोनों निवासी मालेगांव जिला नासिक को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से ट्रक सहित पुरा माल बरामद कर लिया गया।
दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त कर सोनभद्र लाया गया। इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

