home page

लखनऊ की बीकेटी पुलिस ने पत्नी के हत्यारे पति को पकड़ा

 | 
लखनऊ की बीकेटी पुलिस ने पत्नी के हत्यारे पति को पकड़ा


लखनऊ, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना पुलिस ने शुक्रवार को पत्नी की हत्या में फरार आरोपित पति को गिरफ्तार किया है। मृतका के पिता की ओर से तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि अचरामऊ गांव निवासी अशोक की पत्नी सुनीता (32) की संदिग्ध हालत में 18 नवंबर को मौत हो गई थी। मृतका के पिता इंटौजा निवासी पाचू ने 19 नवंबर को बेटी की मौत संदिग्ध बताते हुए दमाद अशोक और उसके परिवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि आरोपितों ने बेटी का शव जलाने के बाद ससुरालियों को फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी सुनीता ने खुदकुशी कर ली है। मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, तब तक बेटी का शव जल चुका था। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। देर रात ही कहीं भागने के इरादे से खड़े अशोक सिंह को संसारपुर अण्डरपास, किसान पथ के पास से गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने पत्नी सुनीता की हत्या कर उसके शव को बिना किसी को सूचना दिए जलाने की बात स्वीकारी है। अभियुक्त के खिलाफ प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक