दीपावली और जुआ में जाली नोट खपाने वाले गिरोह के तीन अपराधी गिरफ्तार
-अभियुक्तों के पास से 1.74 लाख रुपये के नकली नोट, उपकर बरामद
श्रावस्ती, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद श्रावस्ती में एसटीएफ और सोनवा थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर जाली नोट छापने वाले गिरोह में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1.74 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। इन नोटों को दीपावली के त्योहार और जुआ पर बाजार में खपाने की योजना में थे।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए बताया कि एसटीएफ लखनऊ और सोनवा पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार की रात को मल्हीपुर रोड स्थित भिटिया चिचड़ी की गिरिराज राइस मिल में छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये लोग जाली नोट छाप रहे थे। मौके से 100, 200 और 500 रुपये के कुल 804 जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने नोट छापने में इस्तेमाल किया जा रहा कैनन कलर प्रिंटर, इंक रिफिल, कागज और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बहराइच निवासी गिरिजा शंकर जायसवाल, श्रावस्ती जिले के भगवानपुर निवासी वृजेंद्र गोस्वामी और नरेंद्र के रुप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि जाली नोट तैयार करने के लिए प्रिंटर, इंक और कागज समेत अन्य सामग्री लखनऊ के लालबाग स्थित कैनन एजेंसी से खरीदी गई थी।
आरोपित वृजेन्द्र गोस्वामी ने मुंबई में जाली नोट छापने के संबंध में जानकारी हासिल करने के साथ यूट्यूब वीडियो देखकर भी तरीका सीखा था। वह मुख्य रूप से नोटों की छपाई करता था, जबकि गिरिजा शंकर और नरेन्द्र नोटों की कटाई, गड्डियां बनाने और पैकिंग का काम संभालते थे। इन नोटों को दीपावली के त्योहार पर बाजार में खपाने की योजना थी। इसके अलावा जुआ खेलने वालों के बीच इनकी आपूर्ति करने की तैयारी थी। ये लोग एक लाख रुपये के असली नोट के बदले तीन लाख रुपये के जाली नोट देने के लिए ग्राहक तलाशे जा रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई। इन सभी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

