home page

देवरिया : व्यक्ति को झांसा देकर रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया

 | 
देवरिया : व्यक्ति को झांसा देकर रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया


देवरिया, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रुद्रपुर थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रहे एक व्यक्ति को झांसा देकर रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 5,400 रुपये बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद पांडे ने बताया कि रुद्रपुर थाना क्षेत्र के लखना घाट निवासी रामख्याले मल्लाह दो नवंबर को आदर्श चौराहा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से अपने खाते से 20 हजार रुपये निकालकर बाहर आए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके रुपये गिनने लगा। गिनती के दौरान 500 रुपये के दो नोट फटे होने की बात कहकर उन्हें बदलने के लिए भेज दिया। इसी बीच आरोपिताें ने उनका ध्यान भटकाकर सात हजार रुपये चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। चार नवंबर को सूचना पर रुद्रपुर पुलिस ने कोट माता मंदिर के पास से दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के भटही बाबू निवासी दीनानाथ प्रसाद (55) और समसुद्दीन उर्फ फौजदार (60) है। तलाशी के दौरान दीनानाथ के पास से 2,400 रुपये और समसुद्दीन के पास से तीन हजार रुपये बरामद हुए।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है। समसुद्दीन के खिलाफ तरयासुजान थाने में वर्ष 2018 में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है, जबकि दीनानाथ के खिलाफ खड्डा थाने में वर्ष 2025 में लूट और बरामदगी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक