कन्नौज में पुलिस की वर्दी पहनकर लाेगाें से ठगी करने वाला गिरफ्तार
कन्नौज , 13 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले की कोतवाली पुलिस ने एक शातिर अपराधी काे गिरफ्तार किया है। वह पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाने और ठगी करता था। उसके पास से खाकी वर्दी, फर्जी आईडी कार्ड, बैज, दो मोबाइल फोन और 150 रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मंगलवार काे पत्रकाराें काे बताया कि सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पायनियर होटल के सामने रेलवे पटरी के पास सड़क से आरोपित संजीव कुमार को पकड़ा है। वह खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का दारोगा बताकर लोगों को प्रभावित करके उनसे ठगी करता था।पूछताछ में आराेपित ने स्वीकारा कि उस पर काफी कर्ज हाे चुका था, इसी वजह से वह ठगी करने लगा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपित वर्ष 2024 में कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना में भी पुलिस की वर्दी पहनकर ठगी करने के मामले में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह कन्नौज में किराये पर रह रहा था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

