home page

देवरिया : लूट के मामले में वांछित आरोपित गिरफ्तार

 | 
देवरिया : लूट के मामले में वांछित आरोपित गिरफ्तार


देवरिया, 12 अक्टूबर (हि.स.)। गौरीबाजार थाना क्षेत्र में मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि आरोपित की पहचान गौरीबाजार थाना क्षेत्र के कालाबन पाक टोला निवासी शिवम यादव उर्फ देवा (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रविवार शाम एक सूचना पर कालाबन गांव के सड़क किनारे से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, चार अक्टूबर की रात ग्राम खैरटिया के पास आरोपिताें ने मारपीट कर एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल ( यूपी 52 एजी 9641) छीन ली थी। पीड़ित की तहरीर पर गौरीबाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर आराेपिताें की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने छह अक्टूूबर को घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपित और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलों के साथ लूटी गई बाइक भी बरामद की थी। इसी मामले में वांछित शिवम यादव की तलाश की जा रही थी। रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक