धर्म और नाम बदलकर हिंदू पर लड़कियों को फंसाने वाले आराेपित गिरफ्तार
लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक चौकाने वाला प्रकरण सामने आया है। एक मुस्लिम युवक अपना नाम और धर्म बदलकर सोशल मीडिया के जरिए हिंदू लड़कियों को फंसाता है। उनकी अश्लील वीडियो और फोटो को वायरल करने की धमकी देकर उन्हें धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता है। सैरपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी ट्विंकल जैन ने बताया कि आरोपित गोंडा के वजीरगंज का रहने वाला शोएब अख्तर लखनऊ के छठामील मार्केट में रैथा रोड पर सैलून (बारबर) की दुकान चलाता है। वो सहभागी शिक्षण संस्थान में किराये के मकान में रहता है। उसने सोशल मीडिया के प्लेटफार्म इंस्टाग्राम 'सौरभ सिंह' के नाम से फर्जी अकाउंट बनाया था। वह पहले हिंदू लड़कियों से दोस्ती करता है और फिर अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनकी अश्लील फोटो और वीडियो बना लेता। उन्हीं तस्वीरों और वीडियो के जरिए वह उन लड़कियों को धर्म परिवर्तन और अन्य चीजों के लिए ब्लैकमेल करता था। उसकी इस करतूत का खुलासा एक लड़की ने करते हुए उसके खिलाफ सैरपुर थाना में 10 मई को मुकदमा दर्ज कराया था। लड़की ने आरोप लगाया कि शोएब ने अपना नाम परिवर्तित कर सौरभ सिंह बताकर उससे दोस्ती की। वह उसकी कुछ निजी तस्वीरों वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है।
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पीड़ित युवती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

