शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने वाला आराेपित गिरफ्तार
लखनऊ, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर एक लड़की से शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से इनकार कर रहा है।
उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तीन मार्च को एक लड़की ने तहरीर देते हुए बताया कि कुछ माह पहले गाजीपुर के इंदिरा नगर निवासी अनुग्रह नरायण से उसकी मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हो गई। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उससे संबंध बनाए और इस दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए। अब जब उसने शादी की बात की तो युवक पीछे हट रहा है। उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस रिश्ते के बारे में बताया तो वह उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इस मामले में पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस ने तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपित अनुग्रह नरायण को मंगलवार काे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

