home page

यूपी और मध्य प्रदेश के मंदिरों में चोरी करने वाले तीन चाेर और एक सुनार गिरफ्तार

 | 
यूपी और मध्य प्रदेश के मंदिरों में चोरी करने वाले तीन चाेर और एक सुनार गिरफ्तार


चित्रकूट, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अन्तराज्यीय गिरोह के तीन चाेर और एक सुनार काे चित्रकूट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी का 7 किलो 318 ग्राम चांदी, हनुमान जी का गदा,आरती की थाली और 65 हजार 700 की नगदी सहित घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद हुआ है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार काे घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीते दिनों चित्रकूट के भरतकूप मंदिर,बाल हनुमान आश्रम और अकेलवा बाबा आश्रम में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर मूर्तियों के चांदी से बने मुकुट,क्षत्रक और गदा सहित पूजा सामग्री चोरी किया था। चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगी थी। पुलिस ने शनिवार को एक सुनार समेत चार चाेरों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए चोरों में आगरा निवासी विजय कुमार शुक्ला, बिजनौर का रहने वाला बाबरशाह और काैशांबी का रहने वाला माेहन पटेल है। चाैथा आराेपित चाेरी के जेवर खरीदने वाला फतेहपुर निवासी सुनार कामता प्रसाद है। आराेपित विजय इन सभी का सरगना है, जो करीब 20 सालों से यहां से लापता है। उसने अपना गुनाह स्वीकारते हुए बताया कि उसने सबसे पहले मूर्ति चोरी की घटना किया था। इसके बाद एक कत्ल किया था। उसकी हिस्ट्री खुली तो वाे यहां से भागकर आगरा में रहने लगा। जड़ी बूटी तेल व्यवसाय के सिलसिले से फिर वापस चित्रकूट आया और इस धंधे में शामिल हो गया।

पूछताछ में उसने बताया है कि वह शनिवार और मंगल को चोरी नहीं करता है इसलिए अपने मुस्लिम साथी बाबरशाह से चोरी करवाता है। मंदिरों को इसलिए निशाना बनाते थे क्यों कि उन्हें चोरी करने में आसानी रहती है और रात में मंदिर बंद कर पुजारी भी घर चले जाते हैं। चोरी से पहले वह मंदिर की रेकी करते थे। विजय के फोन में चित्रकूट के कई मंदिरों की फोटो भी मिली है उन्हें आशंका है कि इसने कई राज्यों में ऐसी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरों ने चित्रकूट में तीन चोरी, एक फतेहपुर की चोरी, एक बांदा की चोरी और एक नया गांव सतना की कुल 6 चोरी की घटनाएं स्वीकारी हैं। इनसे शत प्रतिशत चोरी का सामान भी बरामद हो गया है। चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम को उनकी तरफ से 25 हजार का इनाम दिया जा रहा है। जिन पुलिस कर्मियों ने सीसीटीवी की मदद से इन चोरों को ट्रैप किया उन तीन पुलिस कर्मियों को सीनियर अधिकारियों से प्रशस्ति पत्र दिलाने के लिए भी आगे की कार्यवाही की जाएगी ।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल