home page

हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपित गिरफ्तार


उरई, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की सिरसाकलार थाना पुलिस ने क्षेत्र में हत्या के प्रयास की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए वांछित दाे आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और मारपीट में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी अंबुज सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल को सिरसाकलार थाना क्षेत्र के खडगुई मुस्तकिल निवासी जितेन्द्र सिंह ने थाना में तहरीर देकर सूचना दी थी कि उनके चाचा अरविन्द उर्फ किशन गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ पेट्रोल पंप से डीजल लेने जा रहे थे। इसी दौरान जूनियर हाईस्कूल के पास पहले से घात लगाए खड़े आरोपिताें ने हमला कर दिया। आरोप है कि ग्राम दमरास निवासी मौसम भदौरिया और राहुल भदौरिया, अटरा कला निवासी राघव गुर्जर, विनाेरा वैद निवासी अनुरुद्ध पाल समेत अन्य साथियों ने मिलकर अरविन्द उर्फ किशन के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। आरोपिताें ने उन्हें अधमरा करने के बाद जान से मारने की नियत से उनके ऊपर कार भी चढ़ा दी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे।

इस संबंध में थाना सिरसाकलार पर पांच नामजद आरोपिताें के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। शनिवार को क्षेत्र में चेकिंग के दाैरान आरोपित मौसम भदौरिया और राहुल भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की वैगनआर कार तथा मारपीट में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी मौसम भदौरिया पर पहले भी मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी राहुल भदौरिया पर छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट, मारपीट, धमकी तथा आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपिताें को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा