पुलिस ने ‘यक्ष एप’ की मदद से छह चोरों को किया गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 24 मार्च (हि.स.)। जिले की थाना मोहम्मदी पुलिस ने मंगलवार छह शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 8 लाख की सोलर प्लेट बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि पुलिस टीम ने ‘यक्ष एप’ की सहायता से चोरी के मामले में वांछित छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अभिषेक वर्मा, राहुल वर्मा, गौतम वर्मा, सुजीत, प्रखर वर्मा उर्फ भूरे तथा मोहित सक्सेना शामिल हैं, जो सभी मोहल्ला बबौरी, कस्बा मोहम्मदी के निवासी हैं। उनके कब्जे से चोरी की गई 45 सोलर प्लेट बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जान मोहम्मद सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

