home page

पत्नी की हत्या में फरार आरोपित पति गिरफ्तार

 | 
पत्नी की हत्या में फरार आरोपित पति गिरफ्तार


अमेठी, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले की गौरीगंज थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपित के पास से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और मोटरसाइकिल बरामद किया है।

पूरे डींगुर मजरे सराय हृदयशाह निवासी सोमई ने 16 मार्च को थाना गौरीगंज में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 27 वर्षीय पुत्री रेखा होली के अवसर पर अपने मायके आई थी। 15 मार्च की शाम वह शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। बाद में उसका शव गांव के बाहर गेहूं के खेत में मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में पुलिस की चार टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति मंशाराम को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह एक अन्य युवती से बात करता था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी। साथ ही उसे अपनी पत्नी पर भी शक था। इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। होली के दौरान ससुराल आने पर उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। घटना वाली रात आरोपित मोटरसाइकिल से ससुराल पहुंचा और फोन कर पत्नी को खेत में बुलाया। वहां विवाद के दौरान उसने डंडे से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित ने डंडा छिपा दिया और मोबाइल व सिम को भट्ठे में जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है।

गौरतलब है कि घटना के बाद आरोपित जब वापस जा रहा था, उसी दौरान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस चेकिंग में उसकी मोटरसाइकिल का चालान हुआ था। जो बाद में जांच में अहम सुराग साबित हुआ। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में थाना गौरीगंज पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी