home page

पुलिस मुठभेड़ में दो अभियुक्त गिरफ्तार

 | 

सिद्धार्थनगर13 मार्च (हि.स.)। जनपद की संयुक्त पुलिस टीम ने जोगिया थाना क्षेत्र के ग्राम पतसिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में चोरी की एक इनोवा कार को बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि 22 फरवरी को दो लोग नौगढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र से नागेंद्र गुप्ता की कार को नौगढ़ से बुक कराकर बिहार ले जा रहे थे। रास्ते में उन लाेगाें ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहाेश कर कार लेकर फरार हो गये थे। इस मामले में नागेंद्र गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया।

एसओजी प्रभारी मिथिलेश कुमार राय और थाना सिद्धार्थनगर पुलिस अपनी टीम के साथ साड़ी तिराहा पर शुक्रवार को चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बिना नम्बर प्लेट के आ रहे इनोवा कार के चालक ने वाहन रोकने की बजाए मोड़कर शोहरतगढ़ की तरफ भागने लगा। टीम ने अन्य थाना पुलिस को सूचित करते हुए कार सवार का पीछा करना शुरू कर दिया। सनई शोहरतगढ़ मार्ग पर ग्राम पतसिया के पास पुलिस से घिरा पाकर कार सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से अवैध तमंचा मय जिंदा कारतूस एवं एक खोखा बरामद कर लिया।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में घायल अभियुक्त ने अपना नाम बिहार राज्य के वैशाली जिले का रहने वाला अंकित कुमार और दूसरे ने अपना नाम विजय सिंह बताया। इन लोगों ने बरामद इनोवा कार को नौगढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बुक कराकर ले जाना तथा रास्ते मे चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर वाहन लेकर फरार हो जाना स्वीकारा है। यह भी बताया कि उन लोगों ने वाहन का नम्बर प्लेट हटाकर नेपाल की ओर तस्करी करने की योजना बनाई थी। घायल अभियुक्त का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस सफलता के लिए संयुक्त टीम को पचीस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी