औरैया में फर्जी जीएसटी फर्म गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपित गिरफ्तार
औरैया, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस ने फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये की कर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्त गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने मंगलवार काे कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि अभिुक्त श्याम सुंदर पासवान, अशोक कुमार पासवान, महावीर शरण उर्फ पहाड़िया और विमल कुमार शामिल को गिरफ्तार किया गया हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से 2 लैपटॉप, 8 एंड्रॉयड फोन, 9 कीपैड फोन, 8 पासबुक, 7 डेबिट कार्ड, 11 रजिस्टर, 12 आधार कार्ड, 20 सिम कार्ड और छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपित श्याम सुंदर पासवान भोले-भाले लोगों से दस्तावेज जुटाता था। अशोक कुमार कंप्यूटर के माध्यम से दस्तावेजों में हेरफेर कर फर्जी कंपनियां तैयार करता था। महावीर शरण बोगस फर्मों से आईटीसी पास-ऑन कर राजस्व चोरी करता था, जबकि विमल कुमार अपने नाम पर फर्जी फर्म बनवाकर कमीशन लेता था। पूरे मामले की जांच विशेष एसआईटी टीम ने की, जिसमें राजीव कुमार (प्रभारी निरीक्षक), भूपेंद्र सिंह (प्रभारी निरीक्षक अपराध शाखा), अनूप कुमार मौर्य (निरीक्षक अपराध शाखा) और हेमंत चौधरी (उपनिरीक्षक साइबर थाना) शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

