home page

फिरोजाबाद: मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गिरोह का लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 | 
फिरोजाबाद: मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गिरोह का लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


फिरोजाबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना अरांव पुलिस ने सोमवार को वाहन में सवारी बैठाकर चोरी, लूट करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के एक लुटेरे को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल आरोपित को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि जनपद मैनपुरी के थाना घिरोर क्षेत्र के गांव शाहजहाँपुर निवासी रविन्द्र सिंह पुत्र नत्थू सिंह ने थाना अरांव पर 12 सितंबर को तहरीर दी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में अज्ञात अभियुक्तगण द्वारा उसे बैठाकर 01 सोने की अंगूठी व 5,000 रुपये चोरी कर लिये और उसे अरांव बाईपास पर छोड़कर मौके से फरार हो गये। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान 03 आरोपितों राजा उर्फ पंकज उर्फ मानवेन्द्र पुत्र चन्द्रभान गिहार निवासी लाल गेट थाना कादरी गेट जनपद फर्रूखाबाद, सीमान्त पुत्र राघवेन्द्र सिंह निवासी मैन रोड मसैनी चौराहा थाना कोतवाली जनपद फर्रूखाबाद व सोनू पुत्र मिघनी निवासी लाल दरवाजा चौराहा के पास थाना कादरी गेट जनपद फर्रूखाबाद का नाम प्रकाश में आया।

सीओ ने बताया कि थाना अरांव पुलिस ने रविवार को एक आरोपित सीमान्त को लूटे गये रुपये, अंगूठी बेचकर प्राप्त रुपयों में से 4,200 रुपये, असलाह व स्विफ्ट डिजायर कार सहित गिरफ्तार कर लिया था। जबकि अन्य आरोपित फरार थे।

उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी अराव योगेंद्र सिंह व एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय पुलिस टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त पंकज उर्फ राजा उर्फ मानवेन्द्र थाना अरांव क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में मोटर साइकिल से घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपित ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम पंकज उर्फ राजा उर्फ मानवेन्द्र बताया है।

सीओ ने बताया कि आरोपित के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस 315 बोर, 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 पल्सर मोटर साइकिल बिना नम्बर प्लेट, चोरी, लूट किये गये रुपये-चोरी, लूटी गयी अंगूठी बेचकर प्राप्त रुपयों में से 4,800 रुपये बरामद हुए हैं।

सीओ ने बताया कि घायल आरोपित को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़