लोन का झांसा देकर लाखों की साइबर ठगी, अलीगढ़ के दो अभियुक्त गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 03 अक्टूबर (हि.स.)। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने शनिवार को लोन का झाँसा देकर 12 लाख 95 हजार रूपये ठगने वाले 02 साइबर फ्रॉड़ अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी साइबर अपराध राजेश सिंह ने बताया कि पीड़ित अमन द्वारा थाना साइबर अपराध पर तहरीर दी गयी कि मुझसे लोन का झाँसा देकर साइबर ठगों द्वारा 12 लाख 95 हजार रूपये की ठगी कर ली गयी है। जिसमें साइबर ठगों द्वारा फोन किया गया कि आपका आदित्य बिरला से जो लोन चल रहा है उस पर ब्याज कम हो जाएगी एवं ज्यादा रूपये का लोन और मिला जाएगा जिससे आपके व्यवसाय में वृद्धी होगी। साइबर ठगों द्वारा पीडित के लोन नम्बर एवं बकाया धनराशि भी बतायी गयी साथ ही पैन कार्ड नम्बर एवं पता भी बताया गया जिससे पीड़ित को उन लोगों पर यकीन हो गया कि ये लोग आदित्य बिरला कैपीटल से ही हैं। इस तरह इन्श्योंरेंस के नाम पर एनओसी के नाम पर 12 लाख 95 हजार रूपये का साइबर फ्रॉड़ किया गया। पीड़ित की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच की गई।
उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच के दौरान प्रकाश में आये अभियुक्तगण लायक राम पुत्र हरप्रसाद सिंह व अशोक पुत्र चरन सिंह निवासीगण ओगर नगला राजू थाना गभाना जनपद अलीगढ को ठोस साक्ष्य संकलन के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तारी के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

