पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला पति की हत्या का राज, आराेपित पत्नी गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने मंगलवार को हत्या की घटना का खुलासा किया है। पत्नी ने ही पति की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने हत्यारोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत गांव गुरैया सोहेलपुर निवासी शिवम उर्फ राहुल पुत्र बलवीर सिंह की 11 सितंबर को सदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गयी थी। मृतक की पत्नी द्वारा घटना के सम्बन्ध में तरह-तरह के बहाने बनाये जा रहे थे। मृतक के पिता बलवीर सिंह की सूचना के आधार पर पुलिस ने मृतक के पंचायतनामा की कार्रवाई की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक शिवम उर्फ राहुल की हत्या गला घोटकर होंना पाया गया। जिसके बाद सोमवार को मृतक की मां मुन्नी देवी की शिकायत पर मृतक की पत्नी प्रीती के विरूद्द मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना सिरसागंज प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने मंगलवार को अभियुक्ता प्रीति को सूचना पर शेरपुरा तिराहा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर की शाम शिवम उर्फ राहुल अपने घर पर शराब पीकर आया था। घर की ऊपर की पहली मंजिल के कमरे में शिवम उर्फ राहुल का अपनी पत्नी प्रीति से झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान प्रीती ने अपने पति की अपने हाथों से गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने अभियुक्ता पत्नी प्रीति के विरूद्ध कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

