फिरोजाबाद में पुलिस टीम से अभद्रता, महिला सहित तीन लोग गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से अभद्रता करने वाले महिला सहित तीन आरोपितों को रविवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इनके विरुद्ध कार्यवाही कर रही है।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव डाहिनी में चोरी की सूचना पर शनिवार को डायल 112 (पीआरवी) की टीम पहुंची थी। शिकायतकर्ता भी मौके पर मौजूद था और पुलिसकर्मी चोरी की घटना की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मियों के साथ छीना-झपटी व धक्का-मुक्की शुरू हो गई। जब एक पुलिसकर्मी ने सरकारी एमडीटी से घटनास्थल की वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो कुछ युवकों ने टैबलेट छीनने का प्रयास किया। पुलिस टीम के साथ अभद्रता और सरकारी टैबलेट छीनने की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अनुज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
सीओ शिकोहाबाद शेखर सेंगर का कहना है कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तरफ से एक मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

