यूपी एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी को किया गिरफ्तार
आजमगढ़, 29 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने थाना कोतवाली से वांछित अभियुक्त को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की देर रात को उपनिरीक्षक देवेंद्र पाल टीम के साथ लखनऊ के कैसरबाग कोतवाली के पास भ्रमण में थे। इस दौरान सूचना मिली कि आजमगढ़ जिले के कोतवाली क्षेत्र से वांछित अपराधी लखनऊ के ग्लोब पार्क के पास मौजूद हैं। वह यहां पर किसी से मिलने वाला था।
इस सूचना पर पहुंची एसटीएफ ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में अभियुक्त आजमगढ़ निवासी प्रमोद ने बताया कि उसके खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा लिखे जाने के बाद से वह पुलिस से बचकर यहां-वहां रह रहा था। वह कुछ दिन पहले ही लखनऊ आया था। यहां पर किसी से मिलने के लिए आया था, तभी एसटीएफ टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

