home page

रक्षाबंधन पर गुरुग्राम से घर आ रही दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या, हत्यारोपित गिरफ्तार

 | 
रक्षाबंधन पर गुरुग्राम से घर आ रही दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या, हत्यारोपित गिरफ्तार


फिरोजाबाद, 28 अगस्त (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस ने शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पर गुरुग्राम से घर लौट रही दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध कार्यवाही कर उसे जेल भेजा है। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश भी कर रही है।

थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत रहने वाली एक 23 वर्षीय युवती गुरुग्राम में रहकर नौकरी करती थी। वह रक्षाबंधन के पर्व पर गुरुग्राम से घर आ रही थी। 26 अगस्त की रात्रि युवती ने परिजनों को अभियुक्त राहुल निवासी विजेन्द्र कॉलोनी थाना शिकोहाबाद के साथ होने की जानकारी फोन पर दी थी। इसके बाद अगले दिन 27 अगस्त को युवती की मौत की जानकारी परिजनों को हुई तो वह हैरान रह गए। मृतका के पिता ने पुत्री की मृत्यु की सूचना मिलने पर हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए अभियुक्त राहुल व अन्य के विरुद्ध थाना शिकोहाबाद पर तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।

थाना शिकोहाबाद प्रभारी अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी उन्होंने सूचना पर वांछित अभियुक्त नितिन उर्फ राहुल पुत्र गंगा सिंह उर्फ सीताराम निवासी खटुवामई थाना नगला खंगर को छीछामई नहर पुल के पास थाना शिकोहाबाद से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से मृतका का वीवो कम्पनी का मोबाइल फोन, अभियुक्त का एक अन्य मोबाइल फोन तथा यौन उत्तेजक दवा की 02 गोलियां बरामद की हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक की विवेचनात्मक कार्यवाही, साक्ष्य संकलन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार अभियुक्त नितिन उर्फ राहुल द्वारा मृतका के साथ जबरदस्ती यौन सम्बन्ध बनाना एवं उसकी हत्या में संलिप्त होना प्रकाश में आया है। विवेचना के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा पूछताछ में बताये गये तथ्यों के आधार पर अन्य एक अभियुक्त अभिषेक पुत्र प्रमोद कुमार निवासी सलेमपुर कर्खा थाना नगला खंगर का नाम भी प्रकाश में आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही है। इसके अलावा मृतका की सहेली की भूमिका की भी जांच शिकोहाबाद पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़