शादी में बाधक होने पर प्रेमी संग मिलकर नातिन ने की थी बाबा की हत्या, गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। टूंडला थाना क्षेत्र अन्तर्गत प्रेम सम्बन्धों और शादी में बाधक बाबा की हत्या नातिन ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया था। पुलिस ने रविवार को हत्यारोपी नातिन व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत गांव मोहम्मदाबाद निवासी ब्रह्मऋषि उर्फ नरेंद्र पाल सिंह की 26 जून की रात्रि चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी गयी थी, और शव को जला दिया गया था। शुरुआत में तो यह घटना महज हादसा लग रही थी, क्योंकि घटनास्थल के पास ही बिजली का एक तार टूटा पड़ा था लेकिन पुलिस तहकीकात में जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला है।
सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि मृतक ब्रह्मऋषि की नातिन अपने प्रेमी विपिन के साथ शादी करना चाहती थी। बुजुर्ग ने इस रिश्ते को मंजूरी नहीं दी। उसने नातिन की दूसरी जगह शादी तय कर दी थी। बुजुर्ग की पत्नी ने शिकोहाबाद थाना के डाहिनी निवासी विपिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने विपिन को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की, तो उसने हत्या का गुनाह कबूल कर लिया। विपिन ने बताया उसका प्रेम- प्रसंग मृतक ब्रह्मऋषि की नातिन से चल रहा था। दोनों शादी भी करना चाह रहे थे, लेकिन उसके बाबा शादी में बाधक बन रहे थे। इसी वजह से नातिन के कहने पर उसने चाकू से ब्रह्मऋषि
की हत्या कर शव को जला दिया। इसके बाद उसने हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने हुए रक्तरंजित कपड़ों को रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक खंडहर में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चाकू और कपड़े बरामद कर लिए।
सीओ ने बताया कि थाना प्रभारी टूंडला बैजनाथ सिंह ने पुलिस टीम के साथ हत्यारोपित प्रेमी विपिन और उसकी प्रेमिका नातिन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही कर जेल भेजा गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

