पुलिस ने 25 हजार के इनामी गैंगस्टर काे पकड़ा, टप्पेबाजी कर ले गया था आभूषण व नकदी
फिरोजाबाद, 02 जुलाई (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को एक टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त टप्पेबाजी कर युवक से नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गया था। उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित था।
सीओ शिकोहाबाद अवनीश कुमार ने बताया कि 27 जून 2026 की सुबह सुभाषचन्द्र पुत्र अनवर सिंह निवासी साहूकार की ठार, थाना सिरसागंज दर्पण मैरिज होम, वटेश्वर रोड, शिकोहाबाद से रेलवे स्टेशन की ओर पैदल जा रहा था तभी माधौगंज पेट्रोल पम्प से पहले एक अज्ञात व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल पर आया तथा उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। माधौगंज पुल के ऊपर पहुँचकर उस व्यक्ति ने पीड़ित को अपनी बातों में बहला-फुसलाकर उसकी एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के टाप्स तथा 5,000 रुपए नकद ले लिए तथा फरार हो गया और उसकी जेब में खाली पर्स रख दिया। पीड़ित ने थाने पर शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि थाना शिकोहाबाद प्रभारी अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर कार्यवाही करते हुए 25,000 रुपये के इनामी एवं थाना रसूलपुर से गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त शेषपाल पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम जौनई, थाना जसवन्त नगर, जनपद इटावा को छिछामई नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से घटना से सम्बन्धित 5,000 रुपये नकद, एक अंगूठी, एक टाप्स तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
सीओ ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किया गया है। अभियुक्त ने बताया है कि वह लोगों को अपनी बातों में फँसाकर उनके रुपये एवं आभूषण हड़पने का अभ्यस्त अपराधी है तथा विभिन्न जनपदों में उसके विरुद्ध इस प्रकार के अनेक अभियोग पंजीकृत हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

