हत्यारोपित पति गिरफ्तार, पत्नी की लोहे की रॉड से प्रहार कर की थी हत्या
फिरोजाबाद, 27 जून (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने शनिवार को हत्यारोपित पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हत्यारोपित ने शुक्रवार को देर रात्रि में अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से प्रहार कर हत्या की थी।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर रोड जैन ईंट भट्टा निवासी राम नरेश उर्फ जगमोहन ने शुक्रवार की देर रात अपनी पत्नी सरिता की लोहे की रॉड से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इधर शनिवार को राजबहादुर सिंह पुत्र बृजमोहन सिंह निवासी नगला चतुरी, थाना नगला खंगर ने थाना शिकोहाबाद पर शिकायत दर्ज कराई। राजबहादुर ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री सरिता की शादी लगभग 22 वर्ष पूर्व अभियुक्त रामनरेश उर्फ जगमोहन से हुई थी। अभियुक्त रामनरेश शराब पीने का आदी था तथा आये दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट एवं गाली-गलौज करता था। शुक्रवार की देर रात्रि में पारिवारिक विवाद के उपरान्त जब सरिता अपने बच्चों एवं सास के साथ अपने देवर के मकान की छत पर सो रही थी, तभी अभियुक्त पीछे की ओर से छत पर चढ़ आया और लोहे की रॉड से सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि थाना शिकोहाबाद प्रभारी अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ शनिवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी उन्होंने सूचना पर काशीराम कॉलोनी तिराहा, थाना शिकोहाबाद के पास से पत्नी की हत्या में वांछित अभियुक्त रामनरेश उर्फ जगमोहन पुत्र वंगाली बाबू निवासी ग्राम नानेमऊ थाना नसीरपुर जनपद फिरोजाबाद, हाल निवासी जैन भट्टा के पीछे प्रतापपुर रोड, कस्बा व थाना शिकोहाबाद को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

