फिरोजाबाद : बेटी का हत्यारोपित पिता गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जनपद में थाना बसई मोहम्मदपुर पुलिस टीम ने सोमवार को धारदार हथियार (बांका) से अपनी बेटी की हत्या करने वाले हत्यारोपित पिता को गिरफ्तार किया है।
थाना बसई माेहम्मदपुर क्षेत्र अन्तर्गत नीलकंठ कालोनी सोफीपुर निवासी आराेपित राकेश पुत्र लखपत सिंह ने रविवार शाम बांका से प्रहार कर अपनी पुत्री मुस्कान की हत्या कर दी थी। जबकि बेटी काे बचाने आई पत्नी पुष्पा देवी पर भी प्रहार कर घायल कर दिया था। इस घटना में बेटे अजय ने पिता के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आराेपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी कृष्णस्वरूप पाल ने पुलिस टीम के साथ वांछित आराेपित राकेश को फतेहाबाद रोड मडुआ मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आराेपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांका (आला कत्ल) को बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी कृष्णस्वरूप पाल ने बेटी की हत्या में आराेपित पिता काे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

