home page

मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के घर हुई चोरी का खुलासा, आराेपित गिरफ्तार

 | 
मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के घर हुई चोरी का खुलासा, आराेपित गिरफ्तार


फिरोजाबाद, 14 जून (हि.स.)। थाना टूंडला पुलिस टीम ने रविवार को मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के घर चोरी करने वाले दिल्ली के अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है।

थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत 12 मई को एच एफ मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर महफूज आलम ने थाना टूण्डला पर शिकायत दी कि उनके घर के गेट का ताला तोड़कर अज्ञात अभियुक्त द्वारा ज्वैलरी व रुपयों की चोरी कर ली गयी है। पुलिस ने तत्काल शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच के साथ ही अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।

थाना प्रभारी टूंडला बैजनाथ सिंह ने बताया कि वह रविवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर चोरी की घटना में वांछित अभियुक्त शिवम प्रताप उर्फ सनी पुत्र समरपाल निवासी मदनपुर थाना मदनपुर जिला फर्रुखाबाद हाल पता जेजे कॉलोनी थाना भलस्वा डेयरी, दिल्ली को बन्ना रोड पर टावर के पास थाना क्षेत्र टूण्डला से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी का माल बेचकर प्राप्त किये गये 1,01,210 रुपये, 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर व घटना में प्रयुक्त 01 स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़