home page

हरियाणा का अन्तर्राज्यीय अभियुक्त गिरफ्तार, मदद के नाम पर एटीएम कार्ड बदलकर खातों से निकाल लेता था नकदी

 | 
हरियाणा का अन्तर्राज्यीय अभियुक्त गिरफ्तार, मदद के नाम पर एटीएम कार्ड बदलकर खातों से निकाल लेता था नकदी


फिरोजाबाद, 07 जून (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने रविवार को एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले हरियाणा के एक अन्तर्राज्यीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त एटीएम बूथों के बाहर खड़ा होकर लोगों की सहायता करने के नाम पर एटीएम बदलकर व पिन देखकर उनके रुपये निकाल लेता था।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत 01 जून को बैंक ऑफ बड़ौदा, शिकोहाबाद के एटीएम पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पीड़ित रनेश कुमार पुत्र कबीरदास निवासी रामनगर लेबर कॉलोनी, शिकोहाबाद का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से लगभग 50 हजार रुपये निकाल लिये थे। पीड़ित ने इस सम्बन्ध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच के साथ ही अभियुक्त की तलाश कर रही थी।

थाना शिकोहाबाद निरीक्षक अपराध विनोद कुमार रविवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी उन्होंने सूचना पर वांछित अभियुक्त सतीश कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी राजथल थाना नारनौंद जनपद हिसार, हरियाणा को इंडियन बैंक एटीएम के सामने, स्टेशन रोड, नारायण डिग्री कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 15 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 8,230/- रुपये नकद, एक आधार कार्ड, एक पर्स तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया है कि वह विभिन्न जनपदों में एटीएम बूथों के बाहर खड़ा होकर लोगों की सहायता करने का बहाना बनाता था। इस दौरान वह उनका एटीएम पिन देख लेता था तथा चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल देता था। बाद में वह बदले गये एटीएम कार्ड का प्रयोग कर खातों से रुपये निकाल लेता था। अभियुक्त ने 01 जून की घटना को करना स्वीकार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़