एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार
फिरोजाबाद, 05 मई (हि.स.)। थाना जसराना पुलिस टीम ने मंगलवार को एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने बताया कि थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला सामन्ती निवासी धर्मेन्द्र सिंह ने थाना जसराना पर 24 फरवरी को तहरीर दी कि वह अपना एटीएम कार्ड लेकर बैलेन्स चेक करने के लिये कामाख्या धाम जसराना के निकट एटीएम मशीन पर गया था। चेक करने पर मशीन में बैलेन्स नही दिखा। इसी दौरान वहाँ पर खड़े दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके कार्ड का पिन देख लिया और उसे गुमराह कर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। एटीएम कार्ड बदले जाने की पता चलने पर उसने जब अपनी पासबुक प्रिंट कराई तो जानकारी हुई कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसके खाते से 6 बार में 50,100 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने खाते को तत्काल होल्ड कराकर मुकदमा दर्ज कराया।
प्रभारी निरीक्षक जसराना राजेश पांडेय ने बताया कि विवेचना के दौरान प्रकाश में आये अभियुक्त आगरा निवासी अमन खान और जसराना निवासी प्रेम को सूचना पर जसराना बाईपास से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध तमन्चा 315 बोर, जिन्दा कारतूस, 32 एटीएम कार्ड व ठगी किये गये 10 हजार बरामद हुए है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अपराधी है। इनका आपराधिक इतिहास है। इनके विरुद्ध कार्यवाही कर इन्हें जेल भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

