आईपीटीवी पायरेसी अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपित गिरफ्तार, पंजाब और राजस्थान तक फैला था नेटवर्क
फिरोजाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में थाना साइबर क्राइम व साइबर सेल पुलिस टीम ने सोमवार को संयुक्त कार्यवाही कर आईपीटीवी के माध्यम से अनाधिकृत प्रसारण करने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित अवैध रूप से आईपीटीवी(बॉस आईपीटीवी) के माध्यम से कॉपीराइटेड कंटेंट का अनधिकृत प्रसारण कर साइबर धोखाधड़ी कर रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में साइबर क्राइम एवं ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने व साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के क्रम में प्रभारी थाना साइबर अपराध राजेश सिंह, निरीक्षक थाना साइबर अपराध तेजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 3 आरोपितों पदम सिंह पुत्र श्रीनिवास निवासी नगला चूरा, थाना बसई मोहम्मदपुर, अशोक धीमान पुत्र रोशन लाल निवासी मांडवी, जिला संगरुर पंजाब व जगदीश कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी ददरेवा, थाना राजगढ़, जिला चुरु राजस्थान को विजयपुरा तिराहा से किया गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, लैपटॉप और भारी मात्रा में जाली खातों की पासबुक व अन्य सामग्री की बरामद की गई हैं।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने बॉस आईपीटीवी नामक अवैध प्लेटफॉर्म के माध्यम से जियो हॉट स्टार (JIO HOT STAR) सहित विभिन्न टीवी चैनलों का अनधिकृत प्रसारण किया जा रहा था। व्हाट्सएप ग्रुप पर लगभग 900+ सदस्य बनाकर ग्राहकों को जोड़ाकर, ग्राहकों को ऐप लिंक, यूजर आईडी व पासवर्ड उपलब्ध कराया जाता था। सब्सक्रिप्शन के नाम पर उनसे क्यूआर (QR) कोड के माध्यम से पैसे वसूले जाते थे तथा प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों, यूपीआई आईडी एवं पोस्ट ऑफिस आरडी खातों में ट्रांसफर कर लेयरिंग की जाती थी। गिरफ्तार आरोपितों का गिरोह पंजाब-राजस्थान तक फैला हुआ है। गिरफ्तार आरोपितों में जगदीश के खाते में 20 लाख रुपये की जमा धनराशि फ्रिज कराई गई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

