हत्यारोपित पति गिरफ्तार, तलवार से की थी पत्नी की हत्या
फिरोजाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। थाना नगला सिंघी पुलिस टीम ने शनिवार को धारदार हथियार तलवार से पत्नी की हत्या करने वाले हत्यारोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत गांव रामपुर निवासी गोविन्द कुमार पुत्र विजय कुमार ने 27 मार्च को दिन दहाड़े अपनी पत्नी सीमा देवी की धारदार हथियार तलवार से पेट पर प्रहार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतका के परिजन तेजपाल पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम पमारी थाना पचोखरा ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद आरोपित फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दाे पुलिस टीमों का गठन किया था।
थानाध्यक्ष नगला सिंघी पारुल मिश्रा शनिवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थी तभी उन्होंने सूचना पर टीकरी पुलिया से नगला सदा को जाने वाले कच्चे रास्ते से अभियुक्त गोविंद को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने अभियुक्त की निशांदेही पर हत्या की घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक तलवार को बरामद किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

