लखनऊ: कार में मिली युवक की लाश मामले में दाे आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में बीते छह अगस्त को सालहे तिराहे पर खड़ी एक कार में मिले शव के मामले में पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। युवक की मारपीट कर हत्या के बाद दो लोग शव को कार में रखकर फरार हो गये थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि सालेहनगर तिराहे पर छह अगस्त को कार में एक युवक की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु की पुष्टि हुई थी। वहीं, मृतक ज्ञानेंद्र के भाई शशिवेंद्र सिंह ने हत्या की तहरीर दी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की। तमाम सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर अशियाना निवासी सचिन उर्फ चाइना और जितेंद्र उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि पुलिस की जांच में पाया गया कि गिरफ्तार आरोपितों और मृतक ज्ञानेंद्र ने घटना वाले दिन देशी शराब की दुकान में शराब पी। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद उनके बीच मारपीट हो गई। इस दौरान गिरफ्तार आरोपित ने ज्ञानेंद्र की मारपीट कर हत्या कर दी और शव को कार में पीछे की सीट पर लेटाकर सालेहनगर तिराहे पर खड़ी करके भाग गये थे। पुलिस ने आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

