बिजनौर में लूट की घटना का खुलासा ,तीन आरोपित गिरफ्तार
बिजनौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनाैर जिले में थाना कोतवाली शहर पुलिस टीम ने लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व नकदी के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने बताया कि 3 अक्टूबर की रात ग्राम गंज नहर पुलिया के पास अज्ञात बदमाशों ने ग्राम सब्दलपुर निवासी मुकम्मर हसन से करीब 600 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम सुल्तानपुर खादर निवासी दीपक उर्फ छोटू, नितिन कुमार और दीपक उर्फ दीपु को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थाना कोतवाली शहर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

