home page

श्रावस्ती: दुष्कर्म के आरोपित ने दारोगा से पिस्टल छीनकर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

 | 
श्रावस्ती: दुष्कर्म के आरोपित ने दारोगा से पिस्टल छीनकर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल


श्रावस्ती, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में कोतवाली भिनगा क्षेत्र के लोनियनपुरवा गांव में 22 सितंबर को 10 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना में फरार आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। रविवार भोर में पुलिस उसे लेकर साक्ष्य के तौर पर घटना के वक्त पहने कपड़े बरामदी के लिए ले जा रहे थे। रास्ते में उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में वह गोली से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि एक पीड़ित परिवार ने कोतवाली भिनगा में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित परिवार का कहना था कि 22 सितंबर को उनकी बालिका शौच के लिए गांव के बाहर जंगल की ओर गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद बालिका जंगल की ओर से वापस आती दिखाई दी। परिजनों के मुताबिक, उसके कपड़ों पर खून के निशान थे। पूछने पर उसने आपबीती बताई।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच के बाद पुलिस दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान भरथा बेलभरिया निवासी शंकर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना के वक्त आरोपित ने जो कपड़े पहने थे उसे बरामदगी के लिए ले जा रही थी।

पुलिस का दावा है कि वापसी के दौरान रेहली यात्री प्रतीक्षालय के पास आरोपित ने उपनिरीक्षक अनुराग सिंह की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भिनगा ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक आरोपित की हालत सामान्य है। उसके कब्जे से छीनी गई सरकारी पिस्टल, मैगजीन, 10 कारतूस में से छह जिंदा और एक खोखा कारतूस, 200 रुपये नकद तथा घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। घटना के बाद मौके पर फील्ड यूनिट की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। कोतवाली भिनगा पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक