मुठभेड़ में लुटेरा गिरफ्तार एक फरार
बागपत, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले के बड़ौत कस्बे में महिला के गले से हार लूटने की वारदात का बड़ौत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। रविवार देर रात को घेराबंदी के दौरान पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से लूटा गया हार, अवैध तमंचा और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपिताें की मुलाकात बुलंदशहर जेल में हुई थी। इसके बाद दोनों मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम देने लगे।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी विक्रांत गौतम ने थाना बड़ौत में शिकायत दी थी कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और गले में पहना हार लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके सिर पर तमंचे से वार किया और फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।
एसपी बागपत पूर्णेन्दु के निर्देश पर बड़ौत पुलिस ने मामले में कारवाई तेज कर दी। 23 नवंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी सुरेंद्र पाल (54) के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक और पीली धातु का लूटा गया हार बरामद किया है। पूछताछ में सुरेंद्र पाल ने अपने साथी अमजद के साथ वारदात करना स्वीकार किया। उसने बताया कि 21 नवंबर को भी दोनों ने बड़ौत में केपी मलिक मंत्री वाली गली के पास एक महिला से हार छीना था।
सीओ बड़ौत अंशु जैन का कहना है कि फरार आरोपित अमजद की तलाश तेज कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

