विग पहनकर चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
बिजनौर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद बिजनौर की अफजलगढ़ थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी मनवीर सिंह ने बताया कि उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल तथा पेट्रोल डालकर जलाई गई अपाचे बाइक बरामद की है। एक बाइक जाे ग्राम मानियावाला निवासी माे. विशाल की है, जाे चार अक्टूबर की रात काे घर के बाहर से चाेरी हाे गई थी। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पांच अक्टूबर को पुलिस ने एक सूचना के आधार पर अमराेहा निवासी सोनू उर्फ सोहेल को गिरफ्तार किया है। आराेपित थाना अफजलगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपनी पहचान छिपाने के लिए नकली बालों की विग पहनकर चोरी करता था। उसने दो दिन पूर्व नैनीताल के रामनगर क्षेत्र से काले रंग की अपाचे बाइक चोरी की थी और पहचान छिपाने के लिए उस बाइक को जला दिया था। इसके बाद उसने चार अक्टूबर की रात विशाल की यामाहा बाइक चोरी की। पुलिस ने चोरी की यामाहा एमटी-15 और जली हुई अपाचे बाइक बरामद की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, चोरी, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

