हिस्ट्रीशीटर बदमाश 1.25 करोड़ की स्मैक के साथ गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले की पलिया पुलिस ने 610 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये है। युवक अपनी बाइक पर सवार था जब पुलिस ने उसे रोका। उस पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। युवक को गिरफ्तार कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने मंगलवार दोपहर बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलिया पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली है। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह पलिया-दुधवा मार्ग स्थित पाम रिसॉर्ट के आगे चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक काे राेककर तलाशी ली गई । उसके पास से 610 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद हुई। पकड़े गए तस्कर की पहचान 27 वर्षीय अनमोल गुप्ता के रूप में हुई है, जो पलिया के मोहल्ला बाजार प्रथम का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनमोल हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उस पर पहले से ही मारपीट, यूपी गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस सहित 9 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया है। आरोपित पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

