home page

फर्जी पुलिसकर्मी और अधिवक्ता बनकर वीडियो बनाने के आरोप में दो गिरफ्तार

 | 

गोरखपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर फर्जी पुलिसकर्मी और अधिवक्ता बनकर वीडियो तैयार कर उसे वायरल करने के मामले में शाहपुर पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है।

थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि, शाहपुर थाना क्षेत्र से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में एक कथित पुलिसकर्मी और अधिवक्ता के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति पुलिस विभाग का कर्मचारी नहीं था और खुद को पुलिसकर्मी के रूप में प्रस्तुत कर रहा था। इसी तरह वीडियो में अधिवक्ता के रूप में दिखाई दे रहा व्यक्ति भी वास्तविक अधिवक्ता नहीं था।

जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो में दिखाई गई घटना वास्तविक नहीं थी, बल्कि सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज और वायरल करने के उद्देश्य से इसे तैयार किया गया था। इस तरह के वीडियो के प्रसारण से पुलिस और अधिवक्ता समुदाय की छवि प्रभावित हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने दो आरोपित राप्तीनगर निवासी प्रिन्स शर्मा और उत्तरटाेला निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय