धन की तलाश में घर के आंगन में खोद डाला 5 फीट गहरा गड्ढा, पांच लाेग पकड़े गये
हमीरपुर, 22 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बे के चार थोक इलाके में धन की तलाश में घर के आंगन में करीब पांच फीट गहरा गड्ढा खोदने का मामला मंगलवार को सामने आया। बताया जा रहा है कि मेटल डिटेक्टर से मिले संकेत के बाद गृहस्वामी समेत पांच लोग खुदाई कर रहे थे। रात में खुदाई की आवाज सुनकर पड़ोसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ लिया। मौके से मेटल डिटेक्टर समेत गड्ढा खोदने के उपकरण भी मिले।
सोमवार की रात करीब 1 बजे 112 के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ लोग मकान के अंदर धन की तलाश में गड्ढा खोद रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दिलीप कुमार प्रजापति के घर में अनिल निवासी करगांव, शीतल करी निवासी इंगोहटा, तेजी लाल प्रजापति निवासी मौदहा और छोटेलाल निवासी शायर मौजूद मिले। पूछताछ में गृहस्वामी दिलीप कुमार ने बताया कि उसकी भैंस थनैला रोग से पीड़ित है और दूध की जगह खून आ रहा था। लोगों ने उसे बताया था कि किसी ने उसके घर में टोटका कराया है और आंगन में कोई वस्तु दबाई गई है। इसी बात पर वह साथियों के साथ खुदाई कर रहा था।
मुस्करा थाने के प्रभारी निरीक्षक रामआसरे सरोज ने बताया कि जमीनी धन की लालच में कुछ लोग एक मकान के अंदर खुदाई करा रहे थे जिसकी सूचना पर मौके पर जांच की गई। मौके से गृहस्वामी समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की जा रही है। मौके से मेंटल डिटेक्टर भी बरामद किया गया है। बताया कि गृहस्वामी के बयान और मौके पर मिले में साक्ष्य को लेकर अभी पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

