छिनैती की मोबाइल के साथ आरोपित गिरफ्तार
गोरखपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। शाहपुर थाना पुलिस ने रविवार काे छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से महिला से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी की पहचान चक्सा हुसैन पचपेड़वा निवासी निक्कू उर्फ राहुल चौहान के रूप में हुई है।
उपनिरीक्षक माधवी सिंह ने बताया कि 5 सितंबर को पीड़ित महिला अपने काम पर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल सवार आरोपी पहुंचा और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। घटना के संबंध में पीड़िता की तहरीर पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने रविवार काे आरोपित निक्कू उर्फ राहुल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से छिनैती का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपित के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

