गैंगस्टर एक्ट में वांछित पांच अपराधी गिरफ्तार
औरैया, 11 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अपराध एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित ज्ञानेन्द्र सिंह निवासी निगड़ा, शिवराज सिंह उर्फ बंटू निवासी निगड़ा, सौरभ पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी पूर्वामहासुख, मोनू पुत्र रामाधार निवासी बरुआ तथा सौरभ पुत्र मोतीलाल निवासी खड़का की मड़ैया को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपिताेंं में कुछ के खिलाफ पूर्व में भी जुआ अधिनियम, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें ज्ञानेन्द्र सिंह और शिवराज सिंह के खिलाफ कोतवाली औरैया में जुआ अधिनियम व मारपीट के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं, सौरभ के खिलाफ कोतवाली औरैया और अजीतमल थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी जितेन्द्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक जाकिर हुसैन, उपनिरीक्षक संजीव कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

