जेई को कार से कुचलने वाला युवक गिरफ्तार
मथुरा, 06 सितम्बर(हि.स.)।गोविंदनगर थाना पुलिस ने जान से मारने की नीयत से कार से टक्कर मारकर जेई को कुचलने के आरोप युवक को गिरफ्तार कर रविवार जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र स्थित पुष्पांजलि बाग फेस-4 निवासी दीपक उर्फ विशाल (39) पुत्र मधुसूदन के रूप में हुई है। आरोपी के पिता आगरा में भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को दोपहर करीब 12ः30 बजे गोकुल रेस्टोरेंट के सामने सर्विस रोड पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में अवर अभियंता विक्रांत भारती को आरोपी ने अपनी कार से टक्कर मार दी। आरोप है कि आरोपी ने वाहन के आगे और पीछे के पहियों से उन्हें रगड़ते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल विक्रांत का वर्तमान में आरोग्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्पेशल ऑपरेशन टीम और गोविंदनगर थाना पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। शनिवार रात को पुलिस ने बिजलीघर के सामने मसानी लिंक रोड से आरोपी दीपक उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे कार बरामद की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार ने बताया कि मुख्य अभियुक्त दीपक शर्मा के खिलाफ जल्दी से जल्दी साक्ष्य संकलन करते हुए चार्जशीट लगाते हुए और त्वरित न्याय के लिए केसेज ऑफ मॉनिटरिंग की लिस्ट में डालते हुए जल्दी से जल्दी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

