पेट्रोल पंप से 11 बैटरी चोरी करने वाले तीन चाेर गिरफ्तार
बिजनौर,30 अगस्त (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना नजीबाबाद पुलिस ने पेट्रोल पंप से बैटरियां चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन चाेराें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से चोरी की 11 बैटरियां और घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को आदर्शनगर गली नंबर-12 निवासी राहुल कुमार सिंह ने थाना नजीबाबाद में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने कोतवाली रोड स्थित अबुल फजलपुर तबेला पेट्रोल पंप यार्ड से 11 बैटरियां चोरी कर ली हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम घिसटपुरी निवासी मो. नदीम ग्राम जाेरीसुमपुरी निवासी अब्बास और माेहल्ला कुरैशियान निवासी अजीम काे गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से चोरी की 11 बैटरियां और एक कार बरामद की है।
पूछताछ में आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त की रात उन्होंने अबुल फजलपुर तबेला स्थित पेट्रोल पंप के पीछे बने यार्ड में खड़े ट्रक से 12 बैटरियां चोरी की थीं। इनमें से एक बैटरी ट्रक से निकालते समय गिरकर खराब हो गई, जबकि बाकी बैटरियां कार में रखकर ले गए। पुलिस के अनुसार, आरोपिताें ने छह बैटरियां 12,500 रुपये में बेच दी थीं और शेष पांच बैटरियां बेचने के लिए बिजनौर ले जा रहे थे।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की बढ़ोतरी की है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मो. नदीम का पूर्व में भी कई मुकदमों में आपराधिक इतिहास है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

