औरैया में 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
औरैया, 02 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना फफूंद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपित काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने बढ़ुआ बंबा के पास घेराबंदी कर लक्ष्मण का पुरवा निवासी रमेश चंद्र पुत्र पूरन सिंह को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना फफूंद में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। फरारी के चलते पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

