लार पुलिस ने अवैध तमंचा के साथ युवक को गिरफ्तार किया
देवरिया, 28 जुलाई (हि.स.) । लार थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह ने बताया कि थाना लार पुलिस सोमवार देर रात संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर पुलिस ने मठ कॉलेज के पास स्थित एक खंडहरनुमा कमरे के पास छापेमारी कर नदाैली निवासी गिरधारी यादव (24) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा तथा एक जिंदा 315 बोर कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना लार पर मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी और अन्य मामलों सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार, अमृतेश सिंह, मंजीत खरवार और विपुल गिरी शामिल रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

