पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार
उरई, 27 जुलाई (हि.स.) सिरसाकलार थाना पुलिस ने सोमवार को चोरी की वारदातों में संलिप्त दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, स्टार्टर, कूटरचित नंबर प्लेट, चोरी करने के उपकरण और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।दोनों आरोपित चोरी की योजना बना रहे थे, तभी उन्हें बाबई रोड पर ग्राम दमरास की ओर झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों की पहचान ग्राम सहजादपुर निवासी आशीष कुमार और ग्राम पड़ी निवासी गौरव कुमार उर्फ बेटू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक बरामद स्टार्टर थाना जालौन में दर्ज चोरी के मुकदमे और मोटरसाइकिल कोतवाली उरई में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना सिरसाकलार में चोरी, कूटरचना समेत संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि उन्हें नशे और जुआ खेलने की लत है और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि वे घूम-घूमकर रेकी करते थे और चोरी के दौरान बचाव तथा हमला करने के लिए अपने पास अवैध चाकू रखते थे। आरोपिताें ने उरई मेडिकल कॉलेज से मोटरसाइकिल और जालौन थाना क्षेत्र के ग्राम माड़री से स्टार्टर चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

