home page

प्रशासनिक अधिकारी की फर्जी पहचान बनाकर ठगी करने वाला गैंगस्टर गिरफ्तार

 | 

गोरखपुर, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताकर लोगों का विश्वास जीतता फिर फर्जी दस्तावेजों व कूटरचना के माध्यम से उन्हें ठगी का शिकार बनाता था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त रामनयन गुप्ता मूलरूप से महाराजगंज के हरदीडाली निरनाम पूर्वी आनंद नगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ थाना गुलरिहा में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत है। पूछताछ में पता चला है कि अभियुक्त एक संगठित गिरोह का संचालन करता था, जिसका उद्देश्य आम लोगों को भ्रमित कर अवैध लाभ अर्जित करना था। आरोपित स्वयं को उच्च प्रशासनिक अधिकारी बताकर लोगों के बीच अपना प्रभाव स्थापित करता और फिर नौकरी, सरकारी कार्यों तथा अन्य सुविधाओं का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। इसके लिए वह फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित अभिलेखों का सहारा लेता था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपित की गतिविधियों के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य भी मिले, जिसके आधार पर उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस रिकॉर्ड में आरोपित रामनयन गुप्ता का आपराधिक इतिहास भी रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय