home page

मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

 | 
मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी गिरफ्तार


लखीमपुर खीरी, 25 मई (हि.स.)। अलीगंज रोड से सिद्धनाथ मंदिर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर मुठभेड़ के दौरान सक्रिय गोकशी गिरोह के दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया, जवाब में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक शातिर अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने इन बदमाशों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, अवैध असलहा और गोकशी में प्रयुक्त होने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने सोमवार को बताया कि थाना गोला पुलिस को गोकशी के मामले में रविवार रात वांछित अपराधियों के मूवमेंट की सटीक सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस टीम ने अलीगंज रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार अभियुक्तों ने तेजी से भागने का प्रयास किया, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस दौरान खुद को फंसा देख अभियुक्त नदीम ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से फायर झोंक दिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त नदीम के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए तत्काल सीएचसी गोला भेजा गया।

वहीं, पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर उसके भाई व सह-अभियुक्त शीबू को भी दबोच लिया।

यह पूरी कार्रवाई थाना गोला में गोवध निवारण अधिनियम और विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एक मामले से जुड़ी है, जिसमें ये दोनों अभियुक्त काफी समय से वांछित चल रहे थे। पुलिस ने सफल ऑपरेशन में अभियुक्तों के कब्जे से एक नीले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक अवैध देशी तमंचा (315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस के साथ-साथ गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे लोहे का गंडासा, बांका, चाकू, कुल्हाड़ी, तराजू-बांट, रस्सी और लकड़ी का बोटा बरामद किया है।

पकड़े गए दोनों अभियुक्त बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं।

घायल अभियुक्त नदीम के खिलाफ पहले से ही दहेज मृत्यु, हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट जैसे कुल 5 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके भाई शीबू के खिलाफ भी दहेज मृत्यु सहित विभिन्न धाराओं में आपराधिक इतिहास है। पुलिस ने मुठभेड़, पुलिस टीम पर हमला करने और अवैध हथियार रखने के संबंध में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना गोला पर विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत नए मुकदमे पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव